राजनांदगांव। खैरागढ़ में रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया है। यहां के छिंदारी डैम से दो परिवार एक ही कार से वापस लौट रहे थे। इस दौरान केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ के पास कार पेड़ से टकराई। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई वहीं पांच लोग घायल हैं। घायलों में 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार भिलाई व राजनांदगांव के दो परिवार रविवार को खैरागढ़ के छिंदारी डैम घूमने गए थे। दिनभर डैम के पास घूमने के बाद शाम को दोनों परिवार वापस लौट रहे थे। अभी यह सभी केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ के पास पहुंचे ही थे कि कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना तत्कार पुलिस को दी गई। मौके पर लोगो ने ही घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। सभी को लोगों ने एक पिकअप में डालकर हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में एक ने दम तोड़ दिया। वहीं घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। इनमें चार लोगों के गंभीर होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने हादसे की प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान मनीष वर्मा (32) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि मृतक ही कार चला रहा था। इधर हादसे में घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा कार की रफ्तार तेज होने के कारण हुआ है।


































