भिलाई। भगवान राम के जन्मदिवस पर 10 अप्रैल को दो साल बाद भव्य धार्मिक आयोजन के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रीराम जन्मोत्सव समिति के मार्गदर्शन में 37वें वर्ष होने वाले राम नवमी का भव्य आयोजन रामलीला मैदान पावर हाउस में तैयारियां जोरों पर है। इस दौरान मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवघर होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के संत श्रीराम बालकदास महात्यागी धर्मसभा को संबोधित करेंगे।
राम नवमी के अवसर पर समिति की ओर से तैयारियां जोरों पर है। कोरोना महामारी के कारण दो साल से आयोजन बंद था। अब 37वें वर्ष पर आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। श्री राम जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री राम नवमी के इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवघर मुख्य वक्ता होंगे। वहीं समिति के संरक्षक पत्रकार वार्ता के माध्यम से युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि आयोध्या श्री राम मंदिर आंदोलन से प्रेरित होकर 1986 में शुरू हुई समिति की यह यात्रा आज 1100 से अधिक मंदिरों और पूजा स्थलों से निकाली जाती है।
पांडेय ने बताया कि इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। समिति का नाम वर्ष 2018 में हुए आयोजन के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी दर्ज किया गया है। पाण्डेय ने बताया कि 2 वर्षों से महामारी कोरोना की वजह से आयोजन नहीं हो पाया था, लेकिन इस वर्ष फिर एक बार समिति द्वारा हमारे अराध्य प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।
आयोजन के लिए इस वर्ष भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व आंध प्रदेश के सहप्रभारी सुनील देवघर बतौर मुख्य वक्ता शामिल होंगे। वहीं समिति के संरक्षक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय एवं पाटेश्वर धाम बालोद के संतश्री महात्यागी श्री राम बालकदास महाराज कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने ने जानकारी दी कि 10 अप्रैल को होने वाले मध्य भारत के इस सबसे बड़े धार्मिक और सस्कृति के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर है। तैयारियों के लिए टीमों का गठन किया गया था। वहीं समिति की मुख्य शाखा, महिला शाखा और युवा शाखा द्वारा लगातार अपने-अपने प्रखण्डों में आमजनों को आयोजन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
समिति के प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने बताया इस वर्ष सभी 12 प्रखण्डों से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके लिए रूट का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है। सभी शोभा यात्रा तय रूट से होते हुए रामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचेगी। ठाकुर ने बताया कि सभी प्रखण्डों से झांकियां निकालेंगे। कार्यक्रम स्थल पर झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा। पत्रवार्ता में बुद्धन ठाकुर, मुन्ना पांडे, सेवक राम साहू, मदन सेन, दीपक मिश्रा, चन्ना केशवलु, विष्णु पाठक, प्रवीण पांडे, गार्गी शंकर मिश्रा, प्रशांत पांडे आदि उपस्थित थे।
(TNS)