भिलाई/रिसाली। नगर निगम रिसाली के बजट को लेकर भाजपा पार्षदों ने महापौर पर षड़यंत्र पूर्वक बजट पेश करने का आरोप लगाया है। बजट के बाद भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोला। पूर्व विधायक व रिसाली निगम प्रभारी सांवलाराम डाहरे ने भी बजट प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को नियम को ताक में रख कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा गया पार्षदों को अपनी बात रखने तक का मौका नहीं दिया गया।
बता दें नगर पालि निगम रिसाली में आज महापौर शशि सिन्हां ने 118 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने रिसाली निगम को आदर्श निगम बनाने की बात कहीं। बजट में उन्होंने मूलभूत सुविधाओं के लिए सर्वाधिक राशि का प्रावधान किया है। सदन में बजट ध्वनिमत से पारित किया गया वहीं इस दौरान माहौल शांतिपूर्ण भी रहा। बजट होने के बाद भाजपा पार्षदों ने सदके बाहर मोर्चा खोला।
भाजपा पार्षदों का आरोप है कि निगम के सभी वार्ड में विकास की बात कर रहे हैं लेकिन भाजपा पार्षदों से सलाह नहीं ली गई। बजट का कॉपी पार्षदों को उपलब्ध भी नहीं कराया गया। पार्षदों का आरोप है कि इस बजट में भाजपा पार्षदों द्वारा सदन में चर्चा करने कि बात कहे जाने पर बीच में ही राष्ट्रगान चालू कर दिया गया जो कि राष्ट्रगान का अपमान है, और इसका सहारा लेकर सदन को समाप्ति की ओर ले जाया गया।
भाजपा पार्षद खिलेन्द्र चंद्राकर का आरोप है कि 15 मिनट में ही सभा समाप्त कर दी गई। जिसका भाजपा के सभी पार्षद पूरजोर विरोध करते हैं। पार्षद सविता ढुवस, माया यादव, गजेन्द्री कोठारी, ममता सिन्हा, रमा साहू, शैलेन्द्र साहू, खिलेन्द्र चन्द्राकर, हरीश नायक, ओमप्रकाश मिर्झा आदि बजट को लेकर अपना विरोध जताया और इसे महापौर व कांग्रेस पार्टी का एक तरफा बजट बताया।