भिलाई। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के कमजोर पड़ते ही भिलाई के सबसे बड़े मनोरंजक व पर्यटन स्थल मैत्रीबाग की रौनक एक बार फिर से लौट गई है। एक मार्च से मैत्री बाग के खुलने के बाद अब लोगों को यहां होने वाले फ्लावर शो का इंतजार है। भिलाई के हजारों लोग जिस फ्लावर शो को देखने आते हैं उसका इस साल भी होना मुश्किल दिख रहा है।

बता दें कोरोना संक्रमण के कारण बीते साल भी फ्लावर शो नहीं हो पाया था। मैत्री बाग में पहली बाद 1974 में फ्लावर शो का आयोजन किया गया तब से लगातार हर साल यह आयोजन होता आया है। पिछले साल कोरोना के कारण ब्रेक लगने के बाद इस साल भी इसके आयोजन को लेकर सस्पेंस है। बीएसपी के मैत्री बाग प्रबंधन द्वारा इस संबंध में फिलहाल किसी प्रकार के निर्देश तो जारी नहीं किए।
7 जनवरी से बंद था मैत्री गार्डन
कोरोना संक्रमण के कारण बीएसपी के उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित मैत्रीबाग 7 जनवरी से बंद था। एक मार्च को यह दोबारा पर्यटकों के लिए खोला गया। इससे पहले कोरोना की पहली लहर के दौरान मैत्रीबाग को पहली बार 16 मार्च 2020 से बंद कर दिया गया था। शासन के आदेश पर 13 फरवरी 2021को इसे फिर खोला गया था। इसके बाद 18 मार्च को दूसरी लहर के संक्रमण के दौरान फिर इसे बंद कर दिया गया था।
तीन माह लगते हैं तैयारियों में
बीएसपी उद्यानिकी विभाग के प्रभारी डॉ एनके जैन ने बताया कि इस बार फ्लावर शो का आयोजन किया जाना संभव नहीं है। इसे लेकर मैनेजमेंट से भी किसी प्रकार का निर्देश नहीं मिला है। फ्लावर शो के लिए उपयुक्त समय फरवरी का महीना होता है। जबकि फरवरी माह निकल चुका है और गर्मियों की दस्तक शुरू हो चुकी है। ऐसे में फ्लावर शो की संभावनाएं कम हैं।
डॉ जैन ने बताया कि फ्लावर शो की तैयारी के लिए तीन माह का समय लगता है। नवंबर माह से ही विभिन्न प्रताजियों के पौधों को रोपने के साथ ही उसकी देखभाल की जाती है। इसके अलावा गार्डन में क्यारियां भी उसके अनुसार ही बनाई जाती है। कोरोना के कारण सरकार के दिशा निर्देशों की अस्पष्ट स्थिति के कारण तैयारियां नहीं हुई। जिसके कारण परिस्थितियां नहीं बन रही है। इसके बाद भी हम प्रयास कर रहे हैं। कुछ दिनों में इस पर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।





































