रायपुर। पंजाब में भारी जीत के साथ आम आदमी पार्टी जबरदस्त उत्साह में है। दिल्ली के बाद पंजाब में शानदार जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी की नजर देश के अन्य राज्यों पर भी है। इसी कड़ी में रविवार को दिल्ली के मंत्री गोपाल राय व बुराड़ी विधायक संजीव झा रायपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया चर्चा कर अपना विजन बताया।

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी व आप के मंत्री गोपाल राय ने बताया कि प्रदेश में पार्टी व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू करेगी। इसके लिए सोमवार को साइंस कॉलेज मैदान से बदलबो छत्तीसगढ़ विजय यात्रा शुरू कर रहे हैं। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली यह यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों में जाएगी और लोगों से संपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी एक ओपन नंबर भी जारी करेगी। इसके जरिए भी सदस्यता ली जा सकेगी।
गोपाल राय ने कि आम आदमी पार्टी लोगों के हित के लिए काम करती है। दिल्ली में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई और पंजाब में हमारी सरकार है। दिल्ली में आप की सरकार ने जनता के हित के लिए बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित तमाम क्षेत्रों में जो काम किए उसने प्रदेश के अंदर नए मॉडल को खड़ा किया। यही कारण है कि पंजाब के लोगों ने हम पर विश्वास किया। और प्रचंड बहुमत से जिताया।
छत्तीसगढ़ में सरकार लोगों को दे रही हैं धोखा
गोपाल राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों को भी सरकारें धोखा दे रही हैं। 15 साल भाजपा ने और अब कांग्रेस यहां की जनता को धोखा दे रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जनता से किए वादों को पूरा करने की जगह वहीं कर रही है जो पंजाब में किया था। अब छत्तीसगढ़ में भी लोग बदलाव चाहते हैं और यह बदलावा आम आदमी पार्टी लेकर आएगी। लोग भी भाजपा और कांग्रेस से निराश है। हमारा यही संदेश है कि जैसे आम लोगें ने दिल्ली व पंजाब की सरकारें बदली हैं वैसे ही छत्तीसगढ़ में भी बदलाव लाएंगे।



































