रायपुर। लोकसभा सासंद राहुल गांधी आज राजधानी रायपुर में राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने योजना की सराहना की। वहीं इशारों ही इशारों में योजना की राशि बढ़ाने की बात भी की। मंच से राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की योजना की प्रसंशा करते हुए कहा कि भूपेश जी 6000 रुपए कम हैं थोड़ा बढ़ा दीजिए। यह सुन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुस्करा दिए और इशारों में इसके लिए स्वीकृति भी दी। संभवना है कि अब इस योजना की राशि बढ़ा दी जाए।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को संसद में कही हुई बात दोहराई। उन्होंने कहा कि कि हिंदुस्तान के सामने 2 से 3 बहुत बड़ी चुनौतियां हैं। बीजेपी और उनकी विचारधारा हमारे प्यारे देश को खतरे की ओर ले जा रही हैं। राहुल गांधी ने कहा सबसे पहला खतरा आज एक देश को 2 देशों में बांटा जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के भीतर दो नए देश बनाए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा एक देश कुछ अरबपतियों का जिसमें धन और तकनीक है, दूसरा देश जिसमें हमारे प्यारे देश वासियों का है, करोड़ो लोगों का, गरीबों का देश है। उन्होंने कहा कि वो सोचते हैं कि हिंदुस्तान का गरीब डरता है, पर हिंदुस्तान का गरीब किसी से नहीं डरता। जो ये बात कहते हैं 70 साल में क्या हुआ है ये हमारे किसानों का, मजदूरों का, कारीगरों का अपमान करते हैं। हिंदुस्तान की तरक्की गरीब, मजदूर, किसानों की देन है।
आज छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ा कदम उठाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में हमने वादा किया था 2500 किसानों को देंगे, हमने करके दिखाया। उन्होंने कहा यह पहला कदम है, ऐसा मत सोचिए कि बात यही अटक जाएगी। हमने चुनाव के समय बात की थी कि किसान के साथ हमारे मजदूर भी काम करते हैं अगर किसानों की बात करते हैं तो मजदूरों की भी मदद करनी होगी। छग के गरीबों के लिए ये बड़ा कदम है, ये आपका धन है आपको वापस दे रहे हैं।




































