जांजगीर। जिले के एक पेट्रोल पंप आज सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां एक पेट्रोल पंप में काम करने वाले युवक की करंट लगने से मौत हो गई। दरअसल युवक पेट्रोल पंप मालिक के कहने पर झंडा लगा रहा था इस दौरान 11 केवी लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया झंडा लगाते समय युवक लोहे की सीड़ीनुमा मेज पर चढ़ा हुआ था। इस दौरान जैसे ही 11 केवी लाइन की चपेट में आया तेज धमाके के साथ वह जमीन पर गिर गया। झटका इतना तेज था कि एक पैर उसके शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने करीब 2 घंटे तक चक्का जाम किया। जाम हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर जिले में बिलासपुर रोड स्थित जुनेजा फ्यूल्स में मऊ गांव निवासी आशीष निर्मलकर काम करता था। शुक्रवार सुबह 11:00 बजे झंडा लगाने लोहे की सीडी नुमा मेज पर चढ़ा। झंडा लगाने के दौरान वह पंप के ऊपर से गुजरे 11 केवी लाइन के हाई वोल्टेज करंट के संपर्क में आ गया। संपर्क में आते ही तेज धमाके के साथ उसका शरीर जलने लगा। झटका इतना तेज था कि उसका एक पैर शरीर से अलग होकर गिर गया मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद शव को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इस घटना के बाद लोग काफी आक्रोशित हो गए। लोगों का आरोप है कि बिना परिजनों को सूचना दिए शव को यहां से हटा दिया गया है। इस दौरान लोगों ने करीब डेढ़ से 2 घंटे तक सड़क जाम कर दिया। हंगामे के बाद पामगढ़ एसडीएम मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रशासन की दखल के बाद पंप के संचालक ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपए का मुआवजा दिया। इसके बाद लोगों ने वहां जाम हटाया।