बिलासपुर। शहर में एक नवजात का शव दो टुकड़ों में मिलने से हडकंप मच गया है। घटना जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि नवजात शव 15 से 20 दिन की बच्ची का है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पीएम के लिए भेज दिया ह। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार तोरवा थाना क्षेत्र के गांव देवरीडीह में एक घर के आंगन में नवजात का शव दो टुकड़ों में मिला। गांव की निवासी गुड्डी विश्वकर्मा ने सबसे पहले यह नजारा देखा। बुधवार सुबह जब वह उठी तो उसके आंगन में दो टुकड़ों में बच्चे का शव पड़ा हुआ था। यह देख वह काफी घबरा गई। पास पड़ोस के लोगों को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तोरवा थाना पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तोरवा थाना पुलिस ने बताया है कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि मृतक बच्चे की उम्र 15 से 20 दिन की होगी। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला दिख रहा है। वहीं जानवर के द्वारा नोचे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल मृतक बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है।
तोरवा पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव दो हिस्सों में मिला है। बच्ची का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े हुए थे। वहीं जिस महिला ने पहली बार यह नजारा देखा वह कुछ भी बता नहीं पा रही है। पुलिस आसपास लोगों से जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इधर बिलासपुर सिटी एसपी उमेश कश्यप ने कहा है कि बच्ची की हत्या हुई है या कुछ और मामला है यह पता लगाया जा रहा है। यह भी हो सकता है कि मृत नवजात को दफनाया गया हो और कुत्तों ने इसे नोच कर महिला के आंगन में छोड़ दिया। फिलहाल शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।