भिलाई। पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत चरोदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह युवक खून से लथपथ कमरे में बिस्तर पर पड़ा था। पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सोए हुए थे। सुबह उठे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर हत्या किस कारण से हुई और किसने की। आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सीसी टीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं जिससे कि इस ओर किसी संदिग्ध के आने जाने की जानकारी मिल सके। फिलहाल पुरानी भिलाई पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चरोदा निवासी सुनील शर्मा ड्राइवरी का काम करता है। सोमवार शाम को काम से लौटने के बाद घर पर सब कुछ ठीक था। रात को खाना खाने के बाद सुनील की पत्नी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सोने चले गई। वहीं सुनील अलग कमरे में सोया हुआ था। मंगलवार सुबह पत्नी जब उठी तो देखा कि सुनील के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
उसने कुछ देर आवाज लगाई उसके बाद दरवाजा खोल कर देखा तो सुनील बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा था। यह देख वह घबरा गई तुरंत पास पड़ोस वालों को जमा किया। इस दौरान 108 व पुलिस को सूचना दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ सुनील को शास्त्री हॉस्पिटल सुपेला भेजा। शास्त्री हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
हत्या की घटना को लेकर पुलिस भी हैरान है। पुलिस पत्नी व परिजनों से जानकारी जुटा रही है। आखिर रात ऐसा क्या हुआ, पत्नी व बच्चों के दूसरे कमरे के जाने के बाद घर पर कौन आया यह अभी सस्पेंस में है। मृतक सुनील के सिर पर चोट के निशान मिले हैं पुलिस को आशंका है कि सुनील के सिर पर किसी भारी हथियार से वार किया गया है। वहीं इस घटना के बाद आसपास दहशत का माहौल है।
एक दिन पहले मिली थी पति पत्नी की लाश
पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत 1 दिन पहले जंजं गिरी में पति पत्नी की लाश फांसी पर लटकी मिली थी। आर्थिक तंगी से परेशान सुशील यादव ने अपनी पत्नी अनीता यादव के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अभी इस मामले को सुलझा भी नहीं पाई और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हत्या की वारदात हुई।