कोरिया। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली बंपर जीत के बाद बैकुटपुर नगर पालिका में भाजपा ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। बैकुंठपुर नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी बहुमत होने के बाद भी अपना अध्यक्ष नहीं बना पाई। यहां भारतीय जनता पार्टी की पार्षद अध्यक्ष चुनी गई। क्रॉस वोटिंग के कारण आखिरी समय में बाजी पलट गई।
चुनाव के बाद बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद में कांग्रेस पार्टी के 11 पार्षद चुनकर आए। वहीं भाजपा के 7 व 2 निर्दलीय पार्षद चुनाव जीते। यह माना जा रहा था कि बैकुंठपुर में कांग्रेस का ही अध्यक्ष बनेगा, लेकिन यह ऐसा नहीं हुआ। शनिवार को हुए अध्यक्ष निर्वाचन में भाजपा ने नविता शिवहरे को मैदान में उतारा और कांग्रेस की ओर से साधना जायसवाल को उम्मीदवार बनाया गया। वोटिंग के बाद भाजपा और कांग्रेस को बराबर 10-10 वोट मिले। इसके बाद फैसला ड्रॉ के द्वारा निकाला गया। ड्रा में बीजेपी प्रत्याशी नविता शिवहरे को जीत मिली। नविता शिवहरे बैकुंठपुर पालिका के वार्ड 12 से पार्षद चुनी गई हैं।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी से वार्ड नंबर 11 की पार्षद ने क्रॉस वोटिंग की है। चुनाव जीतने के बाद इन्होंने अध्यक्ष के दावेदारी की थी लेकिन बात नहीं बनी। कांग्रेस आलाकमान ने साधना जायसवाल को मैदान में उतार दिया। बताया जा रहा है इसी बात से नाराज वार्ड 11 की पार्षद ने क्रास वोटिंग की। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी भाजपा प्रत्याशी का साथ दिया। जिसके कारण दोनों को बराबर वोट मिले और फैसला के लिए ड्रॉ निकाला गया। ड्रॉ में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ने बाजी मार ली।
चरचा पालिका में बना कांग्रेस का अध्यक्ष
कोरिया जिले के चरचा नगर पालिका परिषद में कांग्रेस को राहत मिली। यहां पर कांग्रेस का पार्षद अध्यक्ष बना। शनिवार को यहां पर भी अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ जिसमें कांग्रेस के लाल मुनि यादव ने बीजेपी के अरुण कुमार जायसवाल को हरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 10 वोट पड़े और बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में 5 वोट मिले। चुनाव के बाद जब मतगणना हुए तो यहां पर कांग्रेस के 8 पार्षद जीत कर आए भाजपा के पांच और दो निर्दलीय पार्षद चुने गए। यहां कांग्रेस को बहुमत मिला वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कांग्रेस का ही साथ दिया।