भिलाई। प्रदेश में शीतलहर ने मौसम का रुख पूरी तरह से बदल कर रख दिया है। दिनभर धूप खिली रहने के बाद भी ठंडी हवाओं के कारण लोग दिन भर गर्म कपड़ों में दिखे। पिछले दो तीन दिनों से प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम का रुख ऐसा ही बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग द्वारा आने वाले एक दो दिन में शीत लहर थमने की संभावना जताई है। वहीं फरवरी के प्रथम सप्ताह तक प्रदेश में मौसम ठंडा रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में बर्फबारी के कारण प्रदेश के मौसम में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर व सरगुजा संभाग के कई जिलों में दिनभर ठंड रही। इस दौरान सामान्य तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान तापमान में 4 से 5 डिग्री तक कम हुआ वहीं न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री रहा वहीं न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान यहां 3 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। वही दुर्ग में अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा। यहां पर क्रमश: चार व 6 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड व अंबिकापुर में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री के आसपास है।
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बस्तर जिले के जगदलपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। इस प्रकार छत्तीसगढ़ में सरगुजा से लेकर बस्तर तक शीत लहर का प्रकोप है। मौसम विभाग ने 29 जनवरी तक कोल्ड डे रहने की संभावना जताई है। इसके बाद इसमें कमी आएगी। हालांकि फरवरी के प्रथम सप्ताह प्रदेश में ठंड का अहसास रहेगा।