तीरंदाज डेस्क। नए साल का पहला दिन दुखद हादसे के साथ शुरू हुआ। माता वैष्णो देवी मंदिर में देर रात 2:30 से 3:00 बजे के बीच एक हृदय विदारक घटना घट गई। दरअसल यहां अचानक भगदड़ मच गई जिससे लोग एक दूसरे को कुचलते हुए निकलने लगे। इस भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है वही कई लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को कटरा के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर में माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की नौबत धक्का-मुक्की तक आ गई। वहीं इस दौरान भगदड़ मच गई, जिससे माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आए श्रद्धालु एक दूसरे को कुचलते हुए इधर-उधर भागने लगे। इस भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, वहीं 14 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इधर केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों के 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख व घायलों को दो-दो लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है।
इधर हादसे के बाद धानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित गृहमंत्री अमित शाह, राहुल गांधी सहित तमाम नेताओं ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि माता वैष्णो देवी मंदिर में मची भगदड़ से हुए जान-माल की क्षति से अत्यंत दुखी हूं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वही गृह मंत्री अमित शाह ने कहां की दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लगातार जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा से स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि वैष्णो देवी मंदिर में हुई भगदड़ अत्यंत दुख दायक है मृतकों के परिवारजनों के प्रति शोक जताते हुए राहुल गांधी ने भी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम बघेल ने जताया दु:ख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैष्णों देवी मंदिर में भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि वैष्णों देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की मौत दु:खद घटना है, परिवारजनों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। श्री बघेल ने इस घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।