रायपुर। छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना हो चुकी है। इसमें कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को दो तिहाई बहुमत से पीछे छोड़ दिया है। इस जीत के बाद भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा में कांग्रेस के महापौर बनेंगे। इस बीच, बिरगांव नगर निगम में भी कांग्रेस से ही महापौर बनने की पूरी संभावना है।
दरअसल, बिरगांव में चुनाव परिणाम आने के बाद दो निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इससे अब कांग्रेस को अब बिरगांव निगम में भी स्पष्ट बहुमत मिल गया है। वहीं, 5 में से 4 पालिकाओं पर भी कांग्रेस का कब्जा हो चुका है। सिर्फ जामुल में भाजपा को बढ़त मिली। वहीं सभी 6 नगर पंचायतों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 गुरु घासीदास वार्ड की नवनिर्वाचित पार्षद शकुंतला धन्नू बांदे और वार्ड क्रमांक 11 ठाकुर प्यारेलाल वार्ड से नवनिर्वाचित पार्षद सुशीला मार्कण्डे ने कांग्रेस में प्रवेश किया। इन पार्षदों ने रायपुर ग्रामीण के विधायक सत्यनारायण शर्मा और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा के सामने कांग्रेस का दामन थामा है।
भिलाई के तीनों निगमों में कांग्रेस का परचम
दुर्ग जिले के चारों नगरीय निकाय के परिणाम गुरुवार देर रात जारी कर दिए गए। चरौदा, रिसाली और भिलाई नगर निगम में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। भिलाई नगर निगम में कांग्रेस तीसरी बार शहर सरकार बनाने जा रही है। तीनों निगमों के 150 वार्ड में से 76 में कांग्रेस को जीत मिली है। हालांकि जामुल में जरूर कांग्रेस को झटका लगा है। यहां के 20 वार्ड में कांग्रेस के हाथ सिर्फ 5 सीटें ही आई हैं। जबकि 10 वार्ड में बीजेपी ने बाजी मारी है।
(TNS)