रायपुर। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने ने आगामी 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर विशेष दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि कोरोना के खतरे को देखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से ध्यान रखा जाना चाहिए। जहां भी गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा वहां इसका विशेष ध्यान दिया जाना है।
बैठक के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने बताया कि पुलिस परेड ग्राउंड रायपुर में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन सुबह नौ बजे से किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के आमंत्रण पत्र का प्रारूप, अतिथियों का निर्धारण, जिला स्तर तथा तहसील स्तर पर कार्यक्रमों का निर्धारण सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के मुताबिक ध्वजारोहण के बाद पुलिस एवं अर्ध्द्वसैनिक बलों की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी जाएगी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय, सार्वजनिक भवन, राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। आज की बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी, सचिव स्वास्थ्य शहला निगार, सचिव महिला एवं बाल विकास रीना बाबासाहेब कंगाले, जनसम्पर्क आयुक्त दीपांशु काबरा, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रसन्ना आर, सचिव गृह विभाग धनंजय देवांगन, विशेष सचिव कृषि डॉ. एस भारतीदासन, रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।



































