JAGDALPUR. जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री का शव सड़क की एक पुलिया के नीचे पाया गया है। जहां यह पुलिया है, उसकी दूरी जिला मंत्री के घर से करीब दो किलोमीटर है। जिला मंत्री के सिर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं और उनके जूते भी शव से दूर मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि जिला मंत्री की हत्या की गई है।
जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री बुधराम कतराम आज सुबह टहरने के लिए निकले थे। लेकिन जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन को चिंता हुई। परिवार के लोग उन्हें खोजने के लिए निकले। इस दौरान पता चला कि बास्तानार के पास सड़क की पुलिया के नीचे किस व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। परिवार लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि शव बुधराम का है। बताया जा रहा है कि बुधराम के सिर पर चोट के निशान थे और उनके जूते शव से करीब आधा किलोमीटर दूर पड़े थे।
इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने भाजपा नेता की हत्या कर दी और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की। परिजनों ने भी इसे हत्या का मामला बताया है। भाजपा नेता की मौत की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। भाजपा के तमाम नेता मौके पर पहुंच गए। मौके पर कांग्रेस विधायक राजमन बेजाम भी पहुंचे। कहा जा रहा है कि उन्होंने भी मौके की स्थिति को देखते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।
बुधराम कोड़ेनार थाना क्षेत्र के चित्रकोट गांव में रहते थे और एक समय वे किलेपाल के पंचायत सचिव थे। 2004-05 में उन्होंने सचिव का पद छोड़ दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और चुनाव जीते भी थे।
थाना प्रभारी संतोष सिंह के अनुसार मौत के कारणों को लेकर तमाम संशय हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद काफी कुछ साफ हो जाएगा। पुलिस मामले में वारदात वाली जगह के आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।