RAIPUR NEWS. जांजगीर के चाम्पा स्थित SDM ऑफिस के भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी बिहारी सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को 1 लाख 80 हजार रुपये रिश्वत लेते बिलासपुर ACB की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इधर बस्तर संभाग के दरभा में तहसीलदार के रीडर को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया है।

दरअसल, किसान बुधवार धीवर की जमीन नेशनल हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी, जिसकी राशि 35 लाख रुपये स्वीकृत हुई थी। इस पर भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी बिहारी सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर राजकुमार देवांगन ने मुआवजा दिलाने में मदद करने के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपये की मांग की थी और मुआवजा राशि को रिलीज नहीं कर रहे थे। इस तरह परेशान होकर किसान बुधराम धीवर ने ACB बिलासपुर में शिकायत की थी। इसके बाद, आज 1 लाख 80 हजार रुपये रिश्वत लेते भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी बिहारी सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को ACB की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। और दोनों आरोपी को जांजगीर के कोर्ट में पेश किया है। यह कार्रवाई DSP अजितेश सिंह के नेतृत्व में ACB की टीम ने की।

दरभा में तहसीलदार का रीडर रिश्वत लेते गिरफ्तार
बस्तर जिले के दरभा तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो ने 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए तहसीलदार के रीडर हेम कुमार पाणिग्रही को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रीडर ने मुआवजा की राशि दिलाने के नाम पर ग्रामीण से 50 हजार रुपए रिश्वत के तौर पर मांगे थे। इसकी शिकायत ग्रामीण द्वारा एसीबी को गई थी, एसीबी ने पहले शिकायत की पुष्टि की जिसके बाद कार्रवाई करते हुए रीडर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
शिकायतकर्ता मृतिका के पति के बड़े भाई साहनू बघेल ने बताया उसके भाई की पत्नी का मृत्यु सांप काटने की वजह से हुआ था। मुआवजे के तौर पर सरकार द्वारा 4 लाख रुपए मिलने थे, लेकिन दरभा तहसीलदार के रीडर ने फाइल आगे बढ़ाने और मुआवजा दिलाने के लिए 50 हजार रुपए की डिमांड की। ग्रामीणों का आरोप है कि रीडर के द्वारा पहले भी जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए पैसों की मांग की गई थी।

मनेंद्रगढ़ में सब इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार
इधर एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक सब इंजीनियर को ₹21,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता ने कुछ दिनों पहले एसीबी अंबिकापुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि पीडब्ल्यूडी में पदस्थ सब इंजीनियर( सी.पी.) छत्रपाल बंजारे विभागीय कार्य के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने प्रारंभिक सत्यापन कराया, जो सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। योजना के तहत एसीबी की टीम मनेंद्रगढ़ पहुंची और रेस्ट हाउस के कमरा नंबर 2 में निगरानी रखी गई।

शिकायतकर्ता को चिन्हित नोटों के साथ वहां भेजा गया। जैसे ही सब इंजीनियर ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि प्राप्त की, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके पर ₹21,000 की रकम जब्त की गई और फॉरेंसिक प्रक्रिया के तहत हाथ धुलाई कराई गई, जिसमें रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी सब इंजीनियर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है।




































