INDORE NEWS. इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने की घटना में कार शोरूम के मालिक प्रवेश अग्रवाल की मौत हो गई। उनकी पत्नी रेखा, उनकी दो बेटियां 14 साल की सौम्या और 12 साल की मायरा गंभीर रूप से झुलस गईं हैं। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सौम्या मोटर्स के ऊपर बने पेंटहाउस के किचन में आग लगी और कुछ ही मिनटों में लपटें पूरे घर में फैल गईं। धुएं से दम घुटने के कारण परिवार अंदर फंस गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने प्रवेश अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर के बाहर गार्ड मौजूद थे। मगर, धुआं और लपटें देखकर कोई अंदर नहीं जा सका। यह लापरवाही भी अब जांच के दायरे में है। पुलिस और फायर विभाग हादसे के कारणों का पता लगा रहे हैं।
पूर्व सीएम कमल नाथ के करीबी थे प्रवेश
प्रवेश अग्रवाल इंदौर के प्रसिद्ध कारोबारी थे। उनके सौम्या मोटर्स नाम से कई कार शोरूम हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के करीबी माने जाते थे। उन्होंने ‘नर्मदा युवा सेना’ नामक संगठन की भी स्थापना की थी और राजनीति में सक्रिय थे। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर गहरा दुख जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर गहरा दुख जताते हुए लिखा कि “इंदौर में आग की घटना में कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल के निधन और उनकी पत्नी की गंभीर स्थिति की जानकारी पीड़ादायक है। वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे। ओम शांति।”
राजनीतिक रूप से सक्रिय और लोकप्रिय चेहरा
ग्वालियर मूल के प्रवेश अग्रवाल महाराष्ट्र, गुजरात और देवास क्षेत्र में कई ऑटोमोबाइल एजेंसियां चलाते थे। उन्होंने 2022 में देवास महापौर चुनाव और 2023 में विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी की थी। हाल ही में वे स्थानीय चुनावी गतिविधियों में दोबारा सक्रिय हुए थे।
हाल ही में मनाया था जन्मदिन
बताया जाता है कि 1 सितंबर को प्रवेश अग्रवाल ने अपना जन्मदिन मनाया था। उस दौरान तलवार से केक काटने को लेकर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी। वे देवास में राजनीतिक कार्यालय संचालित कर रहे थे और युवाओं की मजबूत टीम के साथ सक्रिय राजनीति से जुड़े थे।