PENDRA NEWS. जीपीएम जिले के मरवाही में आज MP की EOW टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए मरवाही के रहने वाले कोयला व्यापारी जफर शेख को गिरफ्तार किया गया है। आज MP EOW की 7 सदस्यीय टीम मरवाही पहुंची थी। जफर शेख पर फर्जी कागज पर करोड़ों रुपए का कोयला बेचने का आरोप है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जून को भोपाल में बोगस बिलिंग का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें मुख्य आरोपी विनोद सहाय की फर्मं से शेख जफर निवासी मरवाही द्वारा सिर्फ कोयले का व्यवसाय किया जाता है। शेख जफर के नाम पर अम्बर कोल डिपो एवं अनम ट्रेडर्स हैं, जो कि रानीताल जबलपुर के पते पर रजिस्टर्ड हैं।

अनम ट्रेडर्स द्वारा अभिजीत ट्रेडर्स से व्यवसाय किया गया एवं अम्बर कोल द्वारा मेसर्स मां रेवा ट्रेडर्स और नमामि ट्रेडर्स से व्यवसाय किया गया है। इसके अतिरिक्त शेख जफर की कंपनियों द्वारा जगदम्बा कोल केरियर और महामाया ट्रेडर्स जो कि विनोद सहाय की कंपनी है, से भी व्यवसाय किये गए हैं।

मुख्य आरोपी विनोद सहाय की फर्म जेएमकेडी कोल से भाटिया कोल बिलासपुर, खालसा कोल बिलासपुर, आर्यान कोल वॉशरी, जैन कोल वॉशरी अनूपपुर, हरिजिका कोल रायगढ, प्रकाश इंडस्ट्रीज लि० चापा, नेशनल फर्म के प्रोपराईटर अक्कू जेठानी एमएसपी पॉवर प्लांट रायगढ, बी०एस० सिंघल पॉवर प्लांट रायगढ, को शेख जफर फर्जी बिल देता था और उक्त बिल देने के लिये राजा सरावगी बुढार, अशोक चतर्वदी बुढार, राजेश कोटवानी बिलासपुर से कोयला लेना दिखाता था।
इस मामले में झारखंड के रांची से मुख्य आरोपी विनोद सहाय की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसमें भोपाल में 30 जून को धारा 409, 419, 420, 467, 468, 471 और 120 बी के तहत फर्जीवाड़ा का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में आज मध्य प्रदेश की ईओडब्ल्यू की 7 सदस्य टीम मरवाही पहुंची और शेख जफर को उसके निवास से गिरफ्तार कर अपने साथ भोपाल ले गई है। वहीं मामले में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई बड़े कोयले व्यापारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।