KANKER. नक्सल प्रभावित बस्तर से एक बुरी खबर मिली है। कांकेर जिले में एक बीएसएफ जवान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई है। जवान की सर्चिंग के दौरान जंगल में लाश मिली है। जवान को गोली किसने मारी इसका पता नहीं चल पाया है। जवान का नाम मदन कुमार बताया जा रहा है। पखांजूर एएसपी प्रशांत कुमार शुक्ला ने पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के पखांजूर थाना के मारबेडा कैंप इलाके में बीएसएफ के 94वें बटालियन में पदस्थ मदन कुमार रोड ओपनिंग पार्टी में तैनात था। जवान शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान शौच के लिए जंगल में गया था। लेकिन काफी देर बाद भी जब जवान नहीं लौटा, तो साथी जवान उसकी तलाश में निकले।
इसी दौरान कुछ दूर पर जवान का शव मिला। बताया जा रहा है कि जवान की मौत गोली लगने से हुई है। जवान के सिर में गोली लगी है। पुलिस ने जवान की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान को गोली किसने मारी इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
दूसरी ओर, भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के तहत केम्प 2 के मिलन चौक पर शुक्रवार को फायरिंग से हड़कंप मच गया। नकाबपोश बदमाशों ने हत्या के मामले में जेल से छूटे नाबालिग आरोपी को निशाना बनाया लेकिन वह बाल-बाल बच गया। हालांकि पुलिस फायरिंग होने से इंकार कर रही है।
वहीं नकाबपोशों ने जिस नाबालिग को निशाने पर लिया था, उसके मामा ने फायरिंग की आवाज सुनने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर रिवाल्वर व तलवार जब्त किया है। दरअसल नकाबपोश शख्स द्वारा जिस नाबालिग को टार्गेट बनाकर रिवाल्वर से फायरिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है वह बीते 21 जनवरी 2024 को हुई शिवम साव हत्याकांड का एक आरोपी है। इस नाबालिग आरोपी को आज पेशी में न्यायालय जाना था।