RAIPUR. छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय की सुरक्षा में चूक मामले में पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक जुनेजा का बयान आया है। उन्होंने कहा, सिक्योरिटी इंटेलिजेंस इस मामले को देख रहे हैं।
सुरक्षा मसले पर कुछ लोगों को निलंबित किया गया है और अभी मामले की जांच चल रही है। आगे कुछ अफसरों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है।
DGP अशोक जुनेजा ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने सुधारात्मक व्यवस्था की जा रही है। मामले में सिक्योरिटी इंटेलिजेन्स देखेंगे। एडीजी गुप्तवार्ता ने इस पर कार्रवाई भी की है। सीएम की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि यह पूरा मामला 25 फरवरी का है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करने एक शख्स पहुंचा था। वह पिस्टल लेकर सीएम हाउस पहुंच गया था। VIP वाहन में होने की वजह से वह इंट्री गेट से आगे बढ़ गया, लेकिन सीएम कक्ष के बाहर उसे पुलिस ने रोक लिया गया। पुलिस ने उस सख्स की पिस्टल को भी जब्त किया है।
बुधवार की सुबह सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया था। इस मामले में 8 पुलिस कर्मियों को सीएम सुरक्षा से हटा दिया गया है।
वहीं लाइसेंसी पिस्टल को जब्त किया गया है। उक्त शख्स कौन था इसकी जानकारी पुलिस द्वारा नहीं दी जा रही है, लेकिन ऐसी चर्चा है कि वह जशपुर क्षेत्र का रहने वाला है और राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ व्यक्ति है।