RAIPUR. छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उईके इन दिनों देश की राजधानी दिल्ली के प्रवास पर हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को वे राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। वहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य मुलाकात की। साथ ही शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर महाविद्यालय रायपुर के हीरक जयंती समारोह में शामिल होने के लिए न्योता भी दे आईं। इसके अलावा भी कई गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी उन्हें दी।

दरअसल, आगामी 12 जनवरी 2023 को शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर महाविद्यालय रायपुर की स्थापना को 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस दिन यहां हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इधर, राज्यपाल अनुसुईया उईके इन दिनों दिल्ली प्रवास पर हैं। जब वे मंगलवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचीं तो राष्ट्रपति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात भी की। चर्चा के दौरान ही उन्होंने महाविद्यालय के हीरक जयंती समारोह में शामिल होने के लिए उन्हें न्योता भी दे दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने भी कहा कि वे अपने निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप संभव होगा तो वे अवश्य आएंगी। मौके पर राज्यपाल ने राष्ट्रपति मुर्मु को राजभवन से प्रकाशित होने वाली त्रैमासिक पत्रिका एक आशा की प्रति भी भेंट की। साथ ही राजभवन सचिवालय की नवाचार से जुड़ी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिवादन किया।

इनके लिए भी किया आमंत्रित
राज्यपाल अनुसुईया ने मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति को कई अन्य कार्यक्रमों व आगामी गतिविधियों के लिए भी आमंत्रित किया। इसमें एमिटी विश्वविद्यालय रायपुर के दीक्षांत समारोह के साथ ही आदिवासी शिव संस्कृति समिति, जिला-नर्मदापुरम की ओर से 12 से 18 फरवरी 2023 होने वाले महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए भी आमंत्रण दिया। अब यदि संभव हुआ तो आगामी महीनों में राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ आगमन हो सकता है।






































