SAKTI. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद पति की लाश को कुएं में फेंक थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। यह मामला सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार कर शव को भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने ये कदम पति के काम छोड़ने से नाराज होकर उठाया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बुढ़नपुर निवासी भूरी बाई कवर (52) ने थाने में अपने पति भंवर सिंह कवर (55) के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भूरी बाई ने पुलिस को बताया था कि उसका पति तड़के करीब 3 बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चला गया है। पुलिस इस मामले में जांच कर ही रही थी कि 23 नवंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बुढ़नपुर रोताहीखार के पास पुराने कुएं में एक शव पड़ा है। बताया जा रहा है कि इस कुंए को काफी समय से इस्तेमाल में नहीं लाया जा रहा था।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुंए से बाहर निकला। शव के सिर पर गमछा लपेटा हुआ था और हाथ-पैर बंधे हुए थे। शिनाख्त करने पर पता चल कि शव गुमशुदा भंवर सिंह का है। पुलिस ने जरूरी कार्रवाही करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। शार्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि में पता चला कि भंवर सिंह की हत्या गला दबाकर की गई है। इसके बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को शुरू से ही भूरी बाई पर संदेह था। जब उससे सख्ती से पूछतांछ की गई तो भूरी बाई ने बताया कि भंवर सिंह करीब एक साल से कोई काम नहीं करता था। इस वजह से घर में अक्सर कलह मचा रहता था। वो घर में आय दिन गाली-गलौज करता था। इस वजह से उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई थी। पुलिस ने बताया कि इन सब बातों से तंग आकर भूरी बाई ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर भंवर सिंह की हत्या कर दी।








































