KAWARDHA. कवर्धा के थानों में वर्षों से मृत आत्मा कैद थी, जिन्हें अब शांति मिल गई है। दरअसल हत्या के मामलों से जब्त 183 बिसरा को थाने से ले जाकर सोमवार के दिन भू-विलीन कर दिया गया। साथ ही उन सभी मृत आत्माओं की शांति के लिए पूजा भी कराई गई। इसके लिए पहले तो एसडीएम से आदेश लिया गया, तब जाकर गड्ढे खोदकर इन्हें दफ़न किया गया।

इसे कहते हैं बिसरा
जब भी किसी व्यक्ति की मौत होती है, और मौत का कारण स्पष्ट नहीं होता है। अर्थात डॉक्टरों की टीम भी जब मौत के सही कारण का पता नहीं लगा पाती है। तब मरने वाले व्यक्ति के अंगों के अवशेष को सुरक्षित रखा जाता है। इन अवशेषों को ही बिसरा कहा जाता है। इसके अलावा यदि पोस्टमॉर्टम करते समय पुलिस द्वारा बताए गए मौत का कारण, जांच करने वाली डॉक्टरों को नहीं दिखती है, तब भी बिसरा को सुरक्षित रखा जाता है। बिसरा के रूप में मृतक के लिवर, ह्रदय, स्पिलिन, स्टमक और किडनी को बोतल में भरकर सुरक्षित रखा जाता है।

फॉरेंसिक साइंस लैब के जांच करने के बाद, थानों के मालखानों में बिसरा को बोतल में बंद करके रखा गया था। इनकी उपयोगिता अब नहीं रह गई थी, साथ ही वर्षों से बंद रहने के कारण इनमें से अब दुर्गन्ध भी आने लगी थी। इसलिए इन्हें नष्ट करना अब जरुरी हो गया था।
एसडीएम से ली गई अनुमति
हत्या और मर्ग के 183 मामलों से जब्त बिसरा को नष्ट करने के लिए, पहले एसडीएम से अनुमति लिया गया। इसके बाद एसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह और एएसपी मनीषा ठाकुर के निर्देश पर सोमवार को बोतल में बंद बिसरा को दफनाकर, मृतकों के आत्मा की शांति के लिए पूजा कराया गया।

2 से 4 साल पुराने मामले भी शामिल
दफनाए गए बिसरा में 2 से 4 वर्ष पुराने मामलों से जब्त बिसरा भी शामिल है। इनमें अधिकांश मामले सर्पदंश और जहर खाने से हुई मृत्यु के हैं। इन सभी का पोस्टमॉर्टम कराया गया था, लेकिन मौत के बताए गए कारण स्पष्ट नहीं होने की वजह से बिसरा को सरक्षित रखा गया था।

इन थानों में थे इतने बिसरा
जिले में सबसे ज्यादा बिसरा पंडरिया थाने में रखा हुआ था इसकी संख्या कुल 54 थी, तो वहीं पांडातराई थाने में 36 बिसरा मौजूद थे, और कुकदूर थाने में 21 बिसरा थे, तो वहीं कुंडा थाना में भी 4 बिसरा मौजूद थे। इसी तरह दामापुर चौकी में 10 बिसरा, कवर्धा कोतवाली में 29 बिसरा, बाजार चारभाठा चौकी में 1 बिसरा था, तो वहीं पिपरिया थाना में 24 बिसरा और दशरंगपुर चौकी में 4 बिसरा रखे हुए थे। इस तरह जब्त कुल 183 बिसरा को सोमवार को नष्ट किया गया।





































