RAIPUR. छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में शिक्षण संस्थानों को स्मार्ट और हाईटेक बना रही है। प्रदेश सरकार गांवों से लेकर राजधानी तक उत्कृष्ट स्कूल और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉलेज खोलते जा रही है। वहीं अब सरकार अगले वर्ष चार सौ से अधिक स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने जा रही है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी।

छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार स्कूली लेवल से ही बच्चों को हाईटेक और अंग्रेजी में पारंगत करने ‘स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडिया स्कूल’ खोलने की योजना लाई। करीब दो साल पहले लाई गई योजना का धीरे-धीरे विस्तार होता जा रहा है। कम फीस में उत्कृष्ट पढ़ाई और हाईटेक सुविधाओं के चलते आत्मानंद स्कूलों में दाखिले के लिए मारा-मारी की स्थिति रहती है।

वहीं अब सरकार वर्ष 2023 में चार सौ स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने पर काम कर रही है। वर्तमान में दो सौ से अधिक स्कूल का संचालन किया जा रहा है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान लोगों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वामी आत्मानंद स्कूल को लेकर अपनी सरकार के रोडमैप पर प्रकाश डाला।

इंग्लिश, हिंदी मीडियम स्कूल और फिर कॉलेज
इस योजना के तहत नगरों से लेकर प्रदेश के बड़े शहरों, मझोले शहरों और राजधानी तक में इंग्लिश मीडियम स्कूल संचालित हो रहे है। इसमें बच्चों के बढ़ते दाखिले के बाद इनकी संख्या भी बढ़ते जा रही है। फिर सरकार ने स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया था। हिंदी मीडियम स्कूल भी अलग-अलग जगहों पर शुरू होते जा रहे है। वहीं बीते दिनों सरकार ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज खोलने का फैसला लिया था। यह फिलहाल 10 जगह शुरू किए जा चुके है। वहीं स्कूलों से लेकर कॉलेजों की संख्या अगले साल बढ़ेगी।



































