BHILAI. भिलाई के चंद्रनगर कोहका की एक कॉलोनी में बीते शुक्रवार को आम लोगों और किन्नरों के बीच जमकर झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच खूब ईंट-पत्थर भी चले। झगड़ा कितना बड़ा था इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि एक कॉलोनी में लड़ाई के लिए 25 से 30 किन्नर इक्कट्ठा हो गए थे। सभी किन्नरों ने मिलकर दो युवकों को जमकर पीटा। झगडे के बाद दोनों ही पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे। जहां उन्हें समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया।

मामला भिलाई के स्मृति नगर चौकी अंतर्गत चंद्रनगर कोहका का है। यहां गली नंबर 27 में साहू नाम के शख्स ने अपना मकान का ऊपरी फ्लोर नायरा झत्रिय और रवीना झत्रिय को किराए पर दिया है। और निचला फ्लोर सब्जी व्यापारी धीरज बंसोड़ को दिया है। जहां धीरज अपनी पत्नी के साथ रहता है। कॉलोनी वासियों ने एकजुट होकर मकान मालिक को घर से किन्नरों को हटाने की चेतावनी दी थी। इनका मानना था कि किन्नरों को मकान देने से कॉलोनी में बड़ी संख्या में किन्नर व दूसरे लोगों का आना जाना लगा रहता है। इससे कॉलोनी का माहौल खराब होता जा रहा है। इस चेतावनी के बाद मकान मालिक ने किन्नरों को घर खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया था।

किन्नरों को लगा कि धीरज और उसकी पत्नी के कहने पर मकान मालिक उन्हें घर से निकल रहा है। इसी बात को लेकर उनका धीरज और उसकी पत्नी से विवाद शुरू हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया की वहां देखते-देखते 25 से 30 किन्नरों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। और सभी मिलकर धीरज को बुरी तरह से पीटने लगे।
बीच-बचाव करने गया युवक भी पीट गया
पड़ोस में रहने वाले संतोष महापात्रा ने जैसे ही देखा कि धीरज व उसकी पत्नी को किन्नर मिलकर मार रहें है। वह बीच-बचाव करने पहुंचा। इससे किन्नरों का गुस्सा और भी बढ़ गया। और उन्होंने धीरज और संतोष दोनों को ही बुरी तरह से पीट दिया।



































