RAIPUR. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा और सक्ति से श्रीनगर के बडगाम जिले में ज्यादा पैसा कमाने की लालसा में गए करीब 60 से 65 मजदूरों को बंधक बना लेने का मामला सीएम बघेल के संज्ञान में आते ही उन्होंने जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश के जांजगीर चांपा और सक्ति जिले से करीब 60-65 मजदूर जम्मू कश्मीर में जिला-बडगाम (श्रीनगर) के डोंगारगांव चुटरू के ईट भट्ठा में काम करने गए थे। और अब भट्ठा मालिक के द्वारा श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस मामले को सीएम बघेल के द्वारा गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन जांजगीर चांपा को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने श्रीनगर किया संपर्क
सीएम बघेल के निर्देश का पालन करते हुए जांजगीर चांपा के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बंधक श्रमिकों को आवश्यक मदद पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन जांजगीर चांपा और जिला प्रशासन बडगाम (श्रीनगर) दोनों ने एक साथ इस विषय में पहल की है और बंधकों को वापस लाने का प्रयास शुरू कर दिया है।

सबसे पहले जांजगीर चांपा जिला प्रशासन द्वारा बडगाम (श्रीनगर) के प्रशासन से संपर्क किया गया। और उन्हें पुरे विषय से अवगत कराया गया। इसके बाद जिला प्रशासन बडगाम द्वारा एक टीम बनाकर जांच शुरू की गई। टीम की जांच रिपोर्ट में कहा गया कि किसी भी मजदूर को बंधक नहीं बनाया गया था। सभी मजदूर स्वतंत्र रूप से कार्य कर रहे थे। पैसों को लेकर कुछ विवाद जरूर था। जिसका समाधान प्रशासन ने हस्तक्षेप करके करा दिया है। 25 से 30 मजदूर अपने राज्य वापस जाना चाहते हैं। पंचनामा तैयार करके उन्हें वापस भेजने की तयारी पूरी की जा रही है।






































