रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखा गया। यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री के खिलाफ था। बड़ी संख्या में जुटे युवक पूर्व मंत्री का पुतला और तस्वीर सड़क पर रखकर उस पर थूक रहे थे। मामला यहीं नहीं रुका इस दौरान युवा इस दौरान नारेबाजी भी कर रहे थे। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा।

सड़क पर रखी तस्वीर और पुतला छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री राजेश मूणत का था जिस पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता थूक रहे थे। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री राजेश मूणत द्वारा पिछले दिनों गाली गलौज करने व पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के विरोध में किया गया।
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने इससे पहले बूढ़ा तालाब के बाद एक सभा भी की। सभा में पूर्व मंत्री खिलाफ विरोध की रणनीति बनाई गई। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने मंच से पूर्व मंत्री राजेश मूणत को गैर छत्तीसगढ़िया कहते हुए उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में रैली की शक्ल में पूर्व मंत्री राजेश मूणत के आवास की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने इन्हें जहां रोका वहीं पर उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री मूणत का पुतला और तस्वीर जमीन पर रखकर कार्यकर्ता लगातार थूकते रहे और उनके खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
जानें क्या था मामला
बता दे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रायपुर आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। इसकी भनक लगने के बाद मौके पर भाजयुमो कार्यकर्ता और राजेश मूणत पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी करने लगे। यही नहीं पुलिस के पहुंचने पर भी उन्होंने जमकर हंगामा खड़ा किया था। इसके बाद पुलिस के साथ ही राजेश मूणत भिड़ गए। इस पूरे मामले को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने विरोध करने की घोषणा पहले ही कर दी थी। इसी कड़ी में शुक्रवार को राजधानी में जबर थूकव रैली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।




































