CHANDIGARH NEWS. संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए Punjab Police ने नई रणनीति के तहत एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू की है। पारंपरिक छापेमारी और फील्ड एक्शन के साथ अब पुलिस डेटा एनालिसिस, इंटेलिजेंस इनपुट और आम नागरिकों की भागीदारी को अभियान का अहम हिस्सा बना रही है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के पास गैंग गतिविधियों, अवैध हथियारों की सप्लाई, जबरन वसूली, ड्रग्स नेटवर्क या फरार अपराधियों की आवाजाही से जुड़ी ठोस और उपयोगी जानकारी है, तो वह सीधे हेल्पलाइन पर साझा कर सकता है।

पुलिस के मुताबिक ऐसी सूचना जो गिरफ्तारी, रेड या बड़े आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने में मददगार साबित होगी, उस पर अधिकतम 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान हर स्तर पर सुरक्षित रखी जाएगी। सभी इनपुट सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज किए जाएंगे और उन्हें एन्क्रिप्टेड मोड में संरक्षित किया जाएगा। किसी भी चरण में मुखबिर की जानकारी उजागर नहीं की जाएगी।

हेल्पलाइन पर कॉल या व्हाट्सऐप के जरिए मिली जानकारी को तकनीकी विश्लेषण, बैकग्राउंड चेक और रिस्क असेसमेंट की प्रक्रिया से गुजारा जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्पेशल ऑपरेशन यूनिट को तुरंत फील्ड में उतारा जाएगा। हर इनपुट को टेक्निकल सर्विलांस, इंटेलिजेंस नेटवर्क और ग्राउंड वेरिफिकेशन के जरिए क्रॉस-चेक किया जाएगा।

इस नंबर पर दें सूचना
एंटी गैंगस्टर ऑपरेशन के लिए 9394693946 नंबर जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर कॉल या संदेश भेजकर जानकारी साझा कर सकता है। पुलिस का कहना है कि सूचना की अहमियत के आधार पर इनाम की राशि तय की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पहल अपराध के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करेगी और लोगों को बिना डर आगे आने का भरोसा देगी।


































