NEW DELHI NEWS. राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने तकनीक की दुनिया में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। बिलासपुर के युवा इंजीनियर देवांश घटक की स्टार्टअप को दुनिया की अग्रणी चिप निर्माता कंपनी के पवेलियन में स्थान मिला, वहीं भिलाई की छात्रा कृति प्रिया ने गूगल के सीईओ से सीधा संवाद कर राज्य का नाम रोशन किया। भिलाई की कृति प्रिया, जो रूंगटा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में एआई और मशीन लर्निंग की छात्रा हैं, को Google ने आधिकारिक रूप से सम्मेलन में आमंत्रित किया था। गूगल स्टूडेंट एंबेसडर के रूप में सक्रिय कृति देशभर से चुने गए छह छात्रों में शामिल थीं।

सम्मेलन के दौरान उन्हें सुंदर पिचाईi से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला। कृति ने पूछा कि उनके जीवन में सबसे महत्वपूर्ण क्या है। इस पर सुंदर पिचाई ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया—परिवार। उनका यह जवाब वहां मौजूद युवाओं के लिए प्रेरणादायक क्षण बन गया। कृति ने बताया कि पिचाई बेहद विनम्रता से हर छात्र से उसके राज्य और अनुभव के बारे में पूछ रहे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ और अपनी यूनिवर्सिटी के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। सम्मेलन में उन्हें सामान्य आईडी की जगह विशेष एक्सपो बैज प्रदान किया गया।

NVIDIA पवेलियन में बिलासपुर की स्टार्टअप
वहीं बिलासपुर के कंप्यूटर इंजीनियर देवांश घटक की कंपनी सिम्पलीस्मार्ट को वैश्विक चिप दिग्गज NVIDIA के पवेलियन में विशेष स्थान दिया गया। देवांश ने 2022 में अपने सहयोगी अमृतांशु जैन के साथ मिलकर कंपनी की शुरुआत की थी। देवांश कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) हैं। कंपनी की वैल्यू करीब 700 करोड़ रुपये आंकी गई है। स्टार्टअप ने ऐसे एआई टूल विकसित किए हैं, जो हाई-स्पीड एआई इंफेरेंस तकनीक के जरिए कम लागत में तेज और सटीक परिणाम देते हैं।

बड़े ब्रांड्स का भरोसा
देवांश की कंपनी के क्लाइंट्स में Tata 1mg, Godrej Group, Eros International और Slice जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। कृति की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने खुशी जताई। संस्थान ने गूगल इंडिया के सहयोग से विशेष एआई पाठ्यक्रम और ज्वाइंट डिग्री प्रोग्राम भी शुरू किए हैं, ताकि छात्रों को वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा मिल सके।

एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ के इन युवाओं की भागीदारी ने यह साबित किया है कि राज्य के युवा अब वैश्विक तकनीकी मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।


































