CHIRMIRI NEWS. चिरमिरी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसदीय सचिव और निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियों को लेकर चल रहे सस्पेंस पर विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही योग्यl उम्मीदवारों को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।

नियुक्तियों पर सीएम का दो-टूक जवाब
प्रदेश में सरकार गठन के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि संसदीय सचिवों और निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियां कब होंगी। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा,
“हम अपने अटल विश्वास पत्र के हर वादे को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। संसदीय सचिवों और निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियों को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है। समय पर सभी नियुक्तियां की जाएंगी और यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी।”

कार्यकर्ताओं को मिलेगा अवसर, प्रशासन को मजबूती
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नियुक्तियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को शासन-प्रशासन में भागीदारी का अवसर मिलेगा। साथ ही, नगर निगम और नगर पालिकाओं में एल्डरमैन की नियुक्ति से विकास कार्यों की निगरानी और कार्यान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।

चिरमिरी के लिए विकास का खाका
नियुक्तियों की घोषणा के साथ मुख्यमंत्री ने चिरमिरी क्षेत्र के विकास को लेकर भी कई अहम घोषणाएं कीं—
पर्यटन को बढ़ावा: चिरमिरी की प्राकृतिक वादियों को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की योजना।
प्रशासनिक विस्तार: नागपुर में उप तहसील भवन और देवाडांड में नई पुलिस चौकी की स्थापना से प्रशासनिक सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।
अटल विश्वास की पहल: चैनपुर में आधुनिक ऑडिटोरियम और क्षेत्र के लिए समर्पित अग्निशमन वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद साफ है कि प्रदेश सरकार संगठन और प्रशासन दोनों स्तरों पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है।




































