JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में महाशिवरात्रि के दिन घूमने गए एनएमडीसी में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान के डूबने की खबर से हड़कंप मच गया है। रविवार दोपहर से लापता जवान की लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने साथ गए अन्य जवानों से पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, नगरनार स्थित National Mineral Development Corporation (एनएमडीसी) में पदस्थ सीआईएसएफ कंपनी के 5–6 जवान महाशिवरात्रि पर ओडिशा सीमा में स्थित गुलमी वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद 28 वर्षीय जवान आकाश चौधरी नहाने के लिए पानी में उतरा। इसी दौरान वह गहराई में चला गया और डूब गया।
जब आकाश काफी देर तक दिखाई नहीं दिया तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की और आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई और मामला ओडिशा के कोटपाड़ थाना क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय पुलिस को खबर दी गई।

गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी
कोटपाड़ थाना प्रभारी ए. मोहन खाखा ने बताया कि रविवार दोपहर से ही जवान की तलाश की जा रही है। गोताखोरों की टीम को मौके पर लगाया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। जवान के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह महज हादसा था या फिर सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही। साथ गए जवानों से पूछताछ कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस घटना ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे स्थानों पर, जहां पानी की गहराई और तेज बहाव का खतरा रहता है, वहां चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा गार्ड और पर्याप्त निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है।

प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह राहत और बचाव कार्य में तेजी लाएगा और जल्द से जल्द लापता जवान का पता लगाएगा।




































