RAIPUR NEWS. कचना रेलवे फाटक पर एक कार चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन गुजरने से ठीक पहले जल्दबाजी में फाटक पार करने की कोशिश में कार बूम बैरियर से जा टकराई, जिससे बैरियर टूट गया। गनीमत रही कि कुछ ही मिनट बाद गुजरने वाली दुर्ग–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस सुरक्षित तरीके से निकल गई और कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना 14 फरवरी की रात करीब 8:20 बजे की है। कचना रेलवे फाटक पर ट्रेन क्रॉसिंग के लिए सिग्नल मिल चुका था और गेटमैन तय प्रक्रिया के तहत फाटक बंद कर रहे थे।

इसी दौरान कचना की ओर से आ रहे एक मालवाहक छोटे हाथी वाहन के पीछे एक कार थी। छोटे हाथी के रुकते ही कार चालक ने उसे ओवरटेक किया और सीधे बूम बैरियर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कुछ ही मिनट बाद दुर्ग–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस के गुजरने का समय था। गेटमैन ने स्थिति संभालते हुए तुरंत स्लाइडर बूम लगाकर फाटक को अस्थायी रूप से बंद कराया, जिससे ट्रेन सुरक्षित निकल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। बूम बैरियर टूटने के बाद फाटक पर यातायात बाधित हुआ और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। कई घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी टीम को तत्काल स्थायी मरम्मत के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में इसे वाहन चालक की गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

ड्यूटी पर तैनात गेटमैन कुलेश्वर साहू ने बताया कि ट्रेन के लिए हरी झंडी मिलते ही वे फाटक बंद कर रहे थे और दोनों ओर हाथ से वाहनों को रोक रहे थे। इसी दौरान कार चालक ने नियम तोड़ते हुए बैरियर में टक्कर मार दी और फरार हो गया। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम इस फाटक पर भीड़ ज्यादा रहती है, जिससे ट्रैफिक नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

आरपीएफ और स्थानीय पुलिस फरार कार चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे ने वाहन चालकों से अपील की है कि फाटक बंद होने पर नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।




































