JOB NEWS. बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से भेजी गई अधियाचना के आधार पर राज्य में करीब 46 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से भर्ती की मांग कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ा अवसर माना जा रहा है।

बीपीएससी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधीन संचालित स्कूलों में शिक्षकों की बहाली की जाएगी। ये नियुक्तियां प्राथमिक (कक्षा 1 से 5), मध्य (कक्षा 6 से 8), माध्यमिक (कक्षा 9 से 10) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 11 से 12) स्तर पर होंगी।

भेजी गई अधियाचना के अनुसार करीब 46 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स जैसे विषयों में सबसे अधिक पद रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही विषयवार शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है। फिलहाल बीपीएससी ने आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया है, लेकिन जल्द ही ऑनलाइन आवेदन से जुड़ा विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी।

TRE-4 भर्ती में बिहार की मूल निवासी महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। यह आरक्षण केवल राज्य की स्थायी महिला अभ्यर्थियों के लिए लागू होगा। सरकार का उद्देश्य महिला शिक्षकों की भागीदारी बढ़ाना और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है। गौरतलब है कि शिक्षक अभ्यर्थी लंबे समय से TRE-4 आयोजित करने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर कई बार प्रदर्शन और आंदोलन हुए। बिहार स्टूडेंट यूनियन ने 16 फरवरी को पटना कॉलेज से विधानसभा तक मार्च निकालने की घोषणा भी की थी।

कैसा होगा चयन प्रक्रिया का ढांचा
TRE-4 के तहत चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, विषय संबंधी ज्ञान और शिक्षण योग्यता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से राज्य के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को योग्य शिक्षक मिल सकेंगे।






























