NEW DELHI NEWS. बजट सत्र के बीच संसद का माहौल एक बार फिर गरमा गया है। विपक्ष ने लोकसभा में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए अब स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की रणनीति बना ली है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ विपक्षी दलों के नेताओं की अहम बैठक हुई है, जिसमें इस कदम पर सहमति बनती दिख रही है। विपक्ष का कहना है कि लोकसभा में राहुल गांधी सांसदों के निलंबन और महिला सांसदों से जुड़े आरोपों के मुद्दे पर बोलना चाहते थे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई।

सोमवार (9 फरवरी 2026) को इसी मुद्दे पर हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। सूत्र बताते हैं कि लगभग सभी प्रमुख विपक्षी दल स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के पक्ष में हैं और जल्द ही इस संबंध में लोकसभा महासचिव को नोटिस सौंपा जा सकता है। बजट सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच लगातार तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। इससे पहले विपक्ष के हंगामे के चलते राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बिना ही प्रस्ताव पारित करना पड़ा था।

इसी बीच विपक्ष ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक वीडियो को लेकर भी सत्तारूढ़ दल पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के स्तर के नेता द्वारा इस तरह के वीडियो बनवाना और पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष से इस पर कार्रवाई की मांग की है।

विवाद उस वीडियो को लेकर है, जिसे असम बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था और कुछ समय बाद हटा लिया गया। वीडियो में मुख्यमंत्री दो लोगों पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। हालांकि पोस्ट डिलीट होने के बावजूद विपक्ष इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमलावर है और संसद में इसे उठाने की तैयारी में है।



































