RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अलग-अलग जिलों में हुए तीन सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र की है। अकलतरा–बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास रविवार सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलरों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

दूसरी घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुई। दुर्ग जिले के ग्राम धनीद निवासी सूरज यादव (24) अपने भांजों के साथ मड़ई मेला देखकर गांव लौट रहे थे। धनांश इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के पास अचानक ट्रक चालक के वाहन मोड़ने से पीछे चल रही बाइक उससे टकरा गई। हादसे में सूरज यादव और उसके दो भांजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मौके से बाइक और ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

तीसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बैकुंठपुर रोड स्थित सूतिया नाला के पास हुई। शनिवार रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप धान से लदी हुई थी और तेज गति में थी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों की पड़ताल की जा रही है।




































