सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के विरुद्ध की गई अभद्र, आपत्तिजनक और कथित मानहानिकारक टिप्पणियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मामले में संघ ने सिटी कोतवाली प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
MANEDRAGARH NEWS. सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के विरुद्ध की गई अभद्र, आपत्तिजनक और कथित मानहानिकारक टिप्पणियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मामले में संघ ने सिटी कोतवाली प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला
जिला अधिवक्ता संघ की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू और ‘दस्तक’ नामक चैनल के संचालक शराफत अली के खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोप है कि 25 जनवरी 2026 को शराफत अली ने अपने फेसबुक अकाउंट पर रघुनाथ पोद्दार का एक वीडियो इंटरव्यू प्रसारित किया था।
इस इंटरव्यू के दौरान रघुनाथ पोद्दार द्वारा अधिवक्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित, अपमानजनक और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही वकीलों पर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर “नेक्सस” चलाने और प्रोपेगेंडा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे अधिवक्ता समुदाय की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने का दावा किया गया है।
बैठक में लिया गया निर्णय
मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 फरवरी 2026 को जिला अधिवक्ता संघ की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कहा गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित लगभग 13 मिनट के इस वीडियो से अधिवक्ताओं के प्रति समाज में भ्रम और अनादर की स्थिति बनी है। संघ का कहना है कि वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और साझा किया, जिससे वकील समुदाय को जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास किया गया।
सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता संघ ने पुलिस को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया कि दोनों व्यक्तियों ने एकराय होकर अधिवक्ताओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाई है। संघ ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
तहरीर सौंपे जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, जिला अधिवक्ता संघ में आक्रोश, पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग