JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। महाराष्ट्र पुलिस की विशेष इकाई C-60 कमांडोज की टीम ने गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन नक्सलियों को मार गिराया है। इस ऑपरेशन में C-60 का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी की सुबह अबूझमाड़ के जंगलों से सटे इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन नक्सली मारे गए। मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 और एक SLR राइफल बरामद की गई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान और उनके संगठनात्मक रोल की पुष्टि की जा रही है।

मुठभेड़ में घायल हुए C-60 के जवान कॉन्स्टेबल दीपक चिन्ना मदावी (38 वर्ष) को गंभीर हालत में हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल जवान का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, ताकि फरार नक्सलियों की तलाश की जा सके।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में हाल के दिनों में नक्सली गतिविधियां बढ़ी थीं, जिसके मद्देनजर इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। एक दिन पहले 5 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी, जहां नक्सली कमांडर उधम सिंह मुठभेड़ में मारा गया था। उधम सिंह 2021 के टेकुलगुड़ेम हमले में शामिल बताया गया था, जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे। वह प्लाटून नंबर-30 का कमांडर और जगरगुंडा एरिया कमेटी का प्रमुख था, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को सुरक्षा बलों की नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सीमावर्ती जंगलों में ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नक्सलियों के ठिकानों को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


































