KANKER NEWS. कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के एक गांव में शादी के निमंत्रण पत्र को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम बैठक के दौरान गांव के मुखिया पक्ष के लोगों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उनके परिवार के साथ मारपीट की, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पीवी-111 गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बितीका मल्लिक के बेटे की शादी तय हुई थी। बेटे ने शादी और सगाई का निमंत्रण एक ही कार्ड में छपवाकर गांव में वितरित किया था। इसी बात को लेकर गांव के मुखिया खुदीराम भक्त नाराज़ हो गए। उनका कहना था कि सगाई का निमंत्रण अलग से दिया जाना चाहिए था।

विवाद के समाधान के लिए बीती रात गांव में बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान बातचीत चल ही रही थी कि अचानक मुखिया पक्ष के कुछ लोगों ने बितीका मल्लिक के बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई की गई।
बताया जा रहा है कि करीब दस लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों और लात-घूंसे से पूरे परिवार पर हमला किया। इस घटना में बेटे की आंख में गंभीर चोट आई है, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बितीका मल्लिक भी घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए बांदे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।




































