WASHINGTON NEWS. क्रिसमस की छुट्टियों में घर लौटने और घूमने निकले लाखों यात्रियों की योजनाओं पर मौसम ने पानी फेर दिया। अमेरिका में तेज बर्फीले तूफान और भीषण ठंड की चेतावनी के बीच एयरलाइंस को बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अमेरिका में क्रिसमस जैसे बड़े त्योहार के बावजूद शुक्रवार (26 दिसंबर) को एयरलाइंस ने 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं।

सबसे ज्यादा असर देश के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क में देखा जा रहा है, जहां रातभर में 10 इंच तक बर्फबारी की आशंका जताई गई है और तापमान के शून्य से नीचे गिरने की संभावना है। फ्लाइट अवेयर वेबसाइट के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक 1,191 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 3,974 फ्लाइट्स देरी से चलीं। सबसे बुरा हाल न्यूयॉर्क के तीन प्रमुख एयरपोर्ट लागार्डिया (LaGuardia), जेएफके (JFK), नेशार्क (Newark) एयरपोर्ट्स पर सबसे ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुईं।

इसके अलावा बोस्टन और डेट्रायट के हवाई अड्डों पर भी यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने ऊपरी ग्रेट लेक्स इलाके में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का केंद्र उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। इसकी वजह देश के कई हिस्सों में जारी भीषण तूफान की चेतावनी और भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

एक् रिपोर्ट के अनुसार, छुट्टियों से लौट रहे यात्रियों को खतरनाक सड़क हालात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने बताया कि शीतकालीन तूफान की चेतावनी लागू कर दी गई है और शहर के कर्मचारियों को सड़कों से बर्फ हटाने के लिए तैनात किया गया है। अमेरिकी एयरलाइंस कंपनियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।

ग्रेट लेक्स से लेकर न्यू इंग्लैंड तक हालात बेहद खतरनाक हो चुके हैं। फ्लाइट अवेयर के मिजरी मैप में न्यूयॉर्क और शिकागो के एयरपोर्ट सबसे ऊपर दिखे, जहां उड़ानों में देरी और रद्द होने की संख्या सबसे ज्यादा रही। वेबसाइट के अनुसार, NWS की चेतावनी के बाद न्यूयॉर्क क्षेत्र में करीब 785 उड़ानें रद्द की गई हैं। कुल मिलाकर, क्रिसमस ट्रैवल के दौरान अमेरिका में मौसम ने हवाई और सड़क यात्रा दोनों को बुरी तरह प्रभावित किया है, और आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।




































