SARANGARH NEWS. सड़क पर जरा-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। यह बात एक बार फिर छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हुए दर्दनाक हादसे ने साबित कर दी। तेज रफ्तार और कथित नशे की हालत में चल रही कार गुरुवार देर रात ट्रक से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना गुरुवार (25 दिसंबर) की रात बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के दुम्हारी मोड़ के पास हुई। हालांकि सूचना पर पहुंची पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक भटगांव की ओर से दो युवक कार में सवार होकर बिलाईगढ़ आ रहे थे। उसी दौरान बिलाईगढ़ क्षेत्र से धान लोड कर एक ट्रक सरसीवां की ओर जा रहा था। दुम्हारी मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। बताया जा रहा है कि ट्रक भी तेज गति में था, जिससे टक्कर बेहद भयावह हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

इस दौरान कार चला रहे युवक का शव स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान यशवंत कुमार टंडन (37 वर्ष) और रूपेंद्र कुमार देवांगन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। यशवंत टंडन ग्राम ताड़ापारा (बिलाईगढ़) निवासी थे और कांग्रेस के युवा नेता बताए जा रहे हैं, जबकि रूपेंद्र देवांगन बिलाईगढ़ निवासी थे और शिक्षाकर्मी सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ थे।

थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार सवार युवकों का नशे की हालत में वाहन चलाना प्रतीत हो रहा है। पुलिस को जांच में यह भी जानकारी मिली है कि दोनों युवक भटगांव क्षेत्र से शराब सेवन कर लौट रहे थे। हालांकि, शराब सेवन की आधिकारिक पुष्टि अभी रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से पहले जमगहन के पास भी कार सवार युवक एक राहगीर को टक्कर मारने से बाल-बाल बचे थे।

लगातार हो रहे हादसे बढ़ा रहे चिंता
गौरतलब है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इन घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने की समस्या को फिर से गंभीर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।




































