NEW DELHI NEWS. छत्तीसगढ़ समेत देशभर में अब पेट्रोल से लेकर पार्किंग तक में फास्ट टैग से भुगतान हो सकेगा। दरअसल, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय फास्ट टैग को बहु-उपयोगी (मल्टीपर्पस) बनाने की तैयारी में है। इसके लिए पिछले छह महीने से किया जा रहा ट्रायल सफल रहा है। मंत्रालय का उद्देश्य है कि फास्ट टैग का उपयोग केवल टोल भुगतान तक सीमित न रहे, बल्कि यात्रा के दौरान रोड साइड एमिनिटीज के भुगतान में भी किया जा सके।

जानकारी के अनुसार इस व्यवस्था से डिजिटल फ्रॉड की आशंका कम होगी। उपयोगकर्ता चाहें तो फास्ट टैग में सीमित राशि डालकर उसे वॉलेट के रूप में इस्तेमाल कर सकेंगे। अभी अधिकतर लोग फास्ट टैग को बैंक अकाउंट से जोड़कर रखते हैं, लेकिन वॉलेट विकल्प होने से धोखाधड़ी की स्थिति में नुकसान सीमित रहेगा और बैंकिंग गोपनीयता भी सुरक्षित रहेगी।

इस संबंध में बैंक, फिनटेक कंपनियां, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स और टोल ऑपरेटर्स के साथ बैठक हो चुकी है। इसमें सहमति बनी कि टोल के अलावा पेट्रोल पंप भुगतान, ईवी चार्जिंग, फूड आउटलेट, वाहन मेंटेनेंस, सिटी एंट्री चार्ज और परिवहन के दौरान उपयोग होने वाली अन्य सुविधाओं के भुगतान के लिए भी फास्ट टैग का इस्तेमाल किया जाए।

फिलहाल कई जगहों पर गैर-टोल उपयोग में पार्किंग शुल्क का भुगतान फास्ट टैग से हो रहा है। मंत्रालय का लक्ष्य है कि अगले साल के मध्य तक इसका विस्तार अन्य सेवाओं तक किया जाए। सूत्रों के मुताबिक बैंकिंग क्षेत्र भी इस पहल को लेकर उत्साहित है।





































