LUCKNOW NEWS. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ SIR अभियान को सफल बनाने के लिए सख्त हैं।उन्होंने भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों, एमएलसी, जिलाध्यक्षों, नगर निकायों और पंचायत संस्थाओं के प्रमुखों को साफ निर्देश दिया है कि वे अगले 7-8 दिनों तक शादी-बारात समेत हर निजी और सामाजिक काम को स्थगित कर दें।
इसकी जगह पूरा ध्यान SIR अभियान को सफल बनाने पर केंद्रित करें। उन्होंने अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश के भाजपा पदाधिकारियों को इस बारे में संबोधित किया। सीएम योगी ने कड़ा कदम उठाने का भरोसा जताया है।

नहीं चलेगा कोई बहाना
उन्होंने कहा कि अब कोई बहाना स्वीकार नहीं होगा। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में किसी भी रोहिंग्या या बांग्लादेशी घुसपैठिये का नाम बिल्कुल नहीं रहना चाहिए। दरअसल, यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मुद्दा है। सीएम ने अपने निर्देशों में कहा कि अगले एक सप्ताह तक सभी दूसरे कामों को पूरी तरह से रोककर सिर्फ SIR अभियान पर काम करें।
उपमुख्यमंत्रियों को सौंपी जिम्मेदारी
उन्होंने दो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक को 25-25 जिलों की जिम्मेदारी दी है। इनके क्षेत्र में घुसपैठियों की पहचान कर मतदाता सूची से अवैध नाम हटाने की प्रक्रिया की निगरानी ये खुद करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के हर कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि वे एकजुट होकर घर-घर, झुग्गी-झोपड़ी और संदिग्ध जगहों पर जाकर दस्तावेजों की जांच करें।
… तो करेंगे सख्त कार्रवाई
जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे, उनकी सूची प्रशासन को तुरंत सौंप दी जाए। सीएम ने बैठक में सख्त चेतावनी भी दी कि जिस भी जिले में एक भी अवैध घुसपैठिये का नाम वोटर लिस्ट में बचा पाया गया, उस जिले के संगठन और प्रशासन दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेशभर के नेता बैठक में हुए शामिल
प्रदेशभर के सांसद, विधायक, एमएलसी, जिलाध्यक्ष, महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष समेत हजारों पदाधिकारियों ने इस बैठक में भाग लिया। इसके बाद कई नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में तुरंत कार्रवाई शुरू करने के लिए टीमें भी गठित कर दी हैं।

15 दिसंबर तक चलेगा अभियान
भाजपा सूत्रों के अनुसार यह अभियान 15 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी जाएगी। यह मिशन प्रदेश की जनसंख्या में अवैध घुसपैठियों को हटाकर मतदाता सूची को साफ-सुथरा बनाने का प्रयास है। अगले कुछ दिनों में इस अभियान के तहत प्रदेश के हर कोने में भाजपा के जनप्रतिनिधि सक्रिय होकर काम करेंगे। इस पहल से प्रदेश की सुरक्षा और प्रशासनिक सख्ती को एक नया मुकाम मिलेगा।


































