DANTEWADA NEWS. कांग्रेस ने हाल ही में नये जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इसी सूची में दंतेवाड़ा जिलाध्यक्ष के रूप में सलीम रजा उस्मानी का नाम शामिल है। सलीम ने जिलाध्यक्ष बनते ही मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंच दर्शन कर मांईजी से आर्शीवाद मांगा। लेकिन अब सलीम के विरोध में सुर उठने लगे हैं।

जिलाध्यक्ष के रूप में सलीम उस्मानी के विरोध को लेकर आज बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी चीफ दीपक बैज से भी मुलाकात की। विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं ने बताया कि पर्यवेक्षकों ने ब्लाक स्तर पर सभी से वन टू वन बात की, वोटिंग की प्रक्रिया भी अपनाई गयी। जिले के समस्त कार्यकर्ताओं के अनुसार जिलाध्यक्ष को नहीं चुना गया है। सलीम का नाम सुनकर हम सब हैरान है। प्रबल दावेदारों में शकील रिजवी और अवधेश गौतम का नाम था।

उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर हमने प्रदेशाध्यक्ष से मुलाकात की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर पर्यवेक्षक आये थे। सभी ब्लाक आकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। जब अपनी मर्जी से जिलाध्यक्ष चुनना था तो हमसे क्यों चर्चा की गयी। सलीम उस्मानी को कार्यकर्ता नहीं जानते हैं, वो पार्टी कार्यक्रमों में कभी सक्रिय नहीं थे।

किसी अनुभवी को जिलाध्यक्ष बनाया जाना चाहिए था। पर्यवेक्षकों ने सभी से चर्चा की और जिलाध्यक्ष के लिये सुझाव मांगे थे, लेकिन सलीम को अचानक से जिलाध्यक्ष बना दिया जाना, ये समझ से परे हैं। अगर ऐसा ही रहा तो विस चुनाव में इसका अंजाम पार्टी को भुगतना होगा।



































