KONDAGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। होली के दूसरे दिन, केशकाल अनुविभाग के इरागांव थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी रंग-गुलाल लगाने के बहाने युवती के घर पहुंचे थे। योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने युवती की मां को शराब लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। जब युवती घर में अकेली थी, तब चार युवक जबरन कमरे में घुस गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि एक आरोपी बाहर पहरा दे रहा था।

जब युवती की मां वापस घर लौटी, तो उसने दरवाजा बंद पाया। दरवाजा खोलने पर उसने आरोपियों को अपनी बेटी के साथ हैवानियत करते हुए देखा। पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। अगले दिन गांव में इस विषय पर बैठक बुलाई गई थी, लेकिन आरोपी उसमें शामिल नहीं हुए, जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर दबिश दी और सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। कुल 5 (2 बालिग और 3 नाबालिग)हैं।

पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए मामले की गहन जांच जारी है।





































