RAIPUR NEWS. राजधानी से लगे खरोरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना समझी जा रही एक मौत ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

शनिवार को खरोरा थाने में भागवत सारथी ने सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने शुरुआत से ही इसे हत्या बताते हुए आशंका जताई कि शव को घसीटकर वहां फेंका गया है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि मृतक की पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से कथित रूप से प्रेम संबंध था। पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ रही थीं, जिसकी जानकारी किशोर को लग गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। इसी के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे पत्नी ने बहन को लाने का बहाना बनाकर किशोर को ग्राम बिठिया भेजा। इसी दौरान खरोरा-रायपुर मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने थार वाहन से किशोर की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सघन जांच में पूरी साजिश उजागर हो गई।

पुलिस ने षड्यंत्रपूर्वक हत्या का मामला दर्ज कर मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




































