RAIGARH NEWS. होली पर्व को शांतिपूर्ण और शालीन तरीके से संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने इस बार व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले में हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। पूरे शहर में लगभग 400 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं, जबकि 16 चेकिंग पॉइंट बनाकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पिछले 48 घंटे से जिले में पुलिस बल अलर्ट मोड पर है। बीती रात होलिका दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। होली व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय से जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पुलिस का रिस्पांस टाइम तेज होना चाहिए और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। अगले 48 घंटे लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और बाइकर्स गैंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल और कोतरारोड़ क्षेत्रों में बनाए गए चेकिंग पॉइंट्स पर यातायात पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बार कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड़ और खरसिया क्षेत्रों में पांच ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन ट्रैक करने के लिए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर नजदीकी टीम तुरंत सहायता पहुंचा सके। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम तैयार किया गया है, जहां एक्सपर्ट टीम रियल टाइम मॉनिटरिंग करेगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार थाना क्षेत्रों में 27 पेट्रोलिंग टीम, 16 चेकिंग पॉइंट और कई फिक्स पिकेट पॉइंट स्थापित किए गए हैं। कोतवाली क्षेत्र में 24, कोतरारोड़ में 12 तथा जूटमिल और चक्रधरनगर में 10-10 पिकेट लगाए गए हैं। एडी स्क्वॉड की टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साइबर थाना और महिला थाना की टीमें सादी वर्दी में तैनात रहकर छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई करेंगी।
होली के दौरान छठवीं बटालियन और मैनपाट बटालियन से प्राप्त अतिरिक्त बल सहित कुल लगभग 400 पुलिस अधिकारी और जवान ड्यूटी पर रहेंगे। जवानों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को वाटर एरिया पर विशेष निगरानी रखने, प्रशिक्षित होमगार्ड गोताखोर तैनात करने और फायर ब्रिगेड को अलर्ट रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आज शाम सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान गुंडागर्दी, हुड़दंग, छेड़छाड़ या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



































