RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत मिट्टी के अंदर दम घुटने से हुई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उसे बेहोशी की हालत में जमीन में दफनाया गया था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे उसी अवस्था में मिट्टी में दबा दिया गया, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग तथा लेनदेन जैसे संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।


21 मार्च को मिली थी जमीन में दफन लाश
दरअसल, 21 मार्च को अभनपुर के भरेंगाभाटा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि एक सुनसान इलाके में जमीन में दफन एक शव दिखाई दे रहा है। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर नजर आ रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हाथ पर बने टैटू के आधार पर नितेश बत्रा के रूप में हुई, जो रायपुर के शदाणी दरबार क्षेत्र का निवासी था। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही थी कि हत्या कुछ दिन पहले की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जमीन में दबा दिया गया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की पुष्टि हो गई है।




































