KOLKATA NEWS. कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने दबाव भरे मैच को यादगार जीत में बदल दिया। वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 195 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 4 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और अंतिम टीम बन गया। अब टीम इंडिया 5 मार्च को इंग्लैड से मुंबई में भिड़ेगी।

यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में छठी बार है जब भारत ने अंतिम चार में जगह बनाई है। साथ ही, कोलकाता के इस मैदान पर टी20 में सबसे बड़े सफल रन चेज का नया विश्व रिकॉर्ड भी भारतीय टीम ने अपने नाम कर लिया। शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद पारी को संभालने की जिम्मेदारी संजू सैमसन ने उठाई। सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के जल्दी आउट होने से टीम दबाव में थी, लेकिन सैमसन ने संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन किया।

संजू सैमसन 97 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। शुरुआत से अंत तक क्रीज पर टिके रहकर उन्होंने लक्ष्य का पीछा मजबूती से आगे बढ़ाया और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

196 रन का लक्ष्य हासिल कर भारत ने इस मैदान पर टी20 का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। इससे पहले यहां 158 रन का सर्वोच्च चेज भी भारत ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की छोटी लेकिन उपयोगी पारियों ने भी अहम योगदान दिया। हालांकि, मैच का असली आधार संजू सैमसन की लंबी और संयमित पारी रही।

शिवम दुबे के दो चौकों ने बदला समीकरण
आखिरी दो ओवरों में भारत को 17 रन की दरकार थी। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या 17 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो उठा। ऐसे समय में क्रीज पर आए शिवम दुबे ने आते ही तीन गेंदों के भीतर दो चौके जड़ दिए। इन दो चौकों ने न केवल आवश्यक रन रेट का दबाव घटाया, बल्कि वेस्टइंडीज की वापसी की उम्मीदों को भी लगभग समाप्त कर दिया। अंततः भारत ने संयम बनाए रखते हुए लक्ष्य हासिल किया और सेमीफाइनल में दमदार अंदाज में प्रवेश किया।




































