DANTEWADA NEWS. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी माओवादी मार गिराया गया। मारे गए नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जिस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से कई हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा गांवों के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई।

सर्चिंग के दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षा बल संदिग्ध इलाके में पहुंचकर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर रहे थे। इसी बीच रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।

गोलीबारी के दौरान नक्सली अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया। बाद में उसकी पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई।

घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने एक एसएलआर रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन और बड़ी संख्या में जिंदा तथा खाली कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि फरार हुए अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके।



































