AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से देश की राजधानी तक हवाई सफर अब और आसान हो जाएगा है। मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से दिल्ली के लिए नियमित उड़ान सेवा की शुरुआत आज यानी 30 मार्च से शुरू होने जा रही है। इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे।। दोपहर 12 बजे अंबिकापुर से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई, जिसे जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।

इस ऐतिहासिक उड़ान में कुछ विशेष अतिथि भी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस नई सेवा के तहत यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन—सोमवार और बुधवार—संचालित होगी। सोमवार को अंबिकापुर से सीधी दिल्ली और बुधवार को बिलासपुर होते हुए दिल्ली फ्लाइट पहुंचेगी। इस रूट पर 72 सीटों वाले एटीआर विमान को लगाया गया है। किराया लगभग 6000 रुपये से शुरू रखा गया है, जिसमें समय के अनुसार थोड़ा बदलाव संभव है।

अंबिकापुर से कोलकाता के लिए भी नई हवाई सेवा 2 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। गुरुवार को बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर आगमन, फिर कोलकाता रवाना होगी और शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता पहुंचेगी। कोलकाता रूट का किराया भी लगभग 6000 रुपये तय किया गया है। इस सेवा के लिए एलायंस एयर ने टिकट बुकिंग शुरू कर दी है।

यात्रियों की सुविधा के लिए दरिमा एयरपोर्ट पर टिकट काउंटर भी खोला गया है। ऑनलाइन बुकिंग MakeMyTrip, Goibibo और Yatra जैसे प्लेटफॉर्म के साथ एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। वर्चुअल उद्घाटन के बाद अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट को सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

नई उड़ान सेवा से सरगुजा संभाग के लोगों को सीधे दिल्ली और कोलकाता से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवागमन पहले से अधिक आसान होने की उम्मीद है।

जानिए एयरलाइन के बारे में
एलायंस एयर देश की प्रमुख क्षेत्रीय विमानन कंपनियों में से एक है। एयर इंडिया के विनिवेश के बाद यह भारत सरकार के अंतर्गत एक स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई के रूप में कार्य कर रही है। वर्तमान में कंपनी देशभर में 100 से अधिक दैनिक उड़ानें संचालित करते हुए 50 से ज्यादा शहरों को आपस में जोड़ रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ के कई शहर भी शामिल हैं।



































